42 प्रतिशत महिला सब्जी विक्रेता उत्पीड़न का शिकार हैं-सर्वे में हुआ खुलासा

42 प्रतिशत महिला सब्जी विक्रेता उत्पीड़न का शिकार हैं-सर्वे में हुआ खुलासा

रांची :

रांची के सब्जी मंडियों में बड़ी संख्या में सब्जी विक्रेता महिलाएं हैं. अध्यन बताते हैं कि ये महिलाएं परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति को सहारा देने के लिए काम करती हैं। ज्यादातर महिलाएं बेहद कमजोर आर्थिक और सामाजिक पृष्ठभूमि से आती हैं. ये महिलाएं कठिन परिस्थिति में काम करती हैं. इन महिलाओं पर हुए एक सर्वे में बड़ा खुलासा हुआ है.

अपने कार्यस्थल पर ही जहां ये महिलाएं सब्जी बेचती हैं, में लगभग 42 प्रतिशत महिलाओं के साथ उत्पीड़न की घटनाएं होती है. इनमें कई यौन उत्पीड़न का शिकार हुईं. जबकि कई महिला विक्रेताओं का पुरुषों के द्रारा पीछा किया गया और मौखिक दुर्व्यव्हार किया गया.

सबसे बड़ी बात यह है कि काम की जगह पर जो भी सुरक्षा उन्हें मिली वह खुद के द्वारा अर्जित सुरक्षा थी. यह सर्वे जागोरी आल इंडिया वीमेन हाकर फेडरेशन के द्वारा किया गया था जिसकी रिपोर्ट  शनिवार को पुरुलिया रोड स्थित सत्य भारती सभागार में जारी की गई.

सर्वे से पता चलता है कि सब्जी बाजारों का बुनियादी ढांचा महिला विक्रेताओं के अनुकूल नहीं  है. ना तो वहां शौचालय होते हैं और ना पेयजल की व्यवस्था. जो महिला विक्रेता अपने बच्चों के साथ होती हैं उन्हें और परेशानी का सामना करना पड़ता है. साफ सफाई  की भी परेशानी होती है. 

इन महिलाओं को अपने लिए पेयजल की व्यवस्था खुद ही करनी होती है.

 जहां तक उत्पीड़न के खिलाफ सुरक्षा की बात है तो वहीं महिलाएं खुद को थोड़ा सुरक्षित कर पाती हैं. जिनके सामाजिक संबंध थोड़ा मजबूत हैं. इनमें से ज्यादातर को यह नहीं पता है कि कोई घटना होने पर कहां शिकायत की जाए.

रांची में सब्जी बेचनेवाली महिलाओं को अपने घर से मंडियों तक पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. राची जिले के गांवों से आने वाली 24 प्रतिशत महिलाओं में से 91 प्रतिशत ने शेयर आटो से अपने गंतव्य तक पहुंची. पड़ोसी जिलों से रांची आनेवाली 15 प्रतिशत में से 90 प्रतिशत ने ट्रेन से यात्राएं की. 

इन महिलाओं का कहना है कि रात होने पर उन्हें परिवहन की कमी का सामना करना पड़ता है. साथ ही रेलवे स्टेशन से मंडी तक पहुंचने में भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. तमाम कठिनाईयों के बाद भी ये महिलाएं अपने स्वाभिमान के साथ काम कर रही हैं और परिवार का सहारा बनी हुई हैं.

सर्वे रिपोर्ट को जारी करते समय आज जागोरी फेडरेशन की निदेशक जयश्री वेलंकर सहित बड़ी संख्या में महिला सब्जी विक्रेता उपस्थित थीं.

Leave a Comment