यूक्रेन युद्ध के दलदल में फंसे रूस के लूना मिशन की असफलता की वजह क्या है ?

अब दुनिया की निगाहे भारत के चंद्रयान 3 की ओर

यूक्रेन युद्ध के दलदल में फंसे रूस के लूना मिशन की असफलता की वजह क्या है ?

प्रवीण

रांची।

रूस और चीन ये दोनों ऐसे देश हैं जो अक्सर दुनिया को चकित करते रहते हैं। और इसलिए जब कुछ दिनों पूर्व रूस ने अपना चंद्र मिशन लूना 25 को लांच किया तो दुनिया के लिए एक सरप्राइज मिशन ही था क्योंकि किसी को इसके बारे में पहले से कुछ पता नहीं था।

जब भारत ने जुलाई में अपना तीसरा चंद्र मिशन लांच किया था तो पूरी दुनिया की निगाहें उस पर थी क्योंकि अगर 23 अगस्त को भारत का लैंडर चांद की डार्क साइड पर सुरक्षित लैंड करता है तो वह चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग करनेवाला दुनिया का चौथा देश बन जायेगा। यह उम्मीद अभी भी बरकरार है। भारत का यह अभियान 40- 45 दिनों का था। उसी के बीच रूस के लूना मिशन, जो ऐसा प्रतीत होता है कि थोड़ी जल्दबाजी में लांच किया गया था।

अगर लूना का लैंडर सुरक्षित उतरता तो भारत की उपलब्धि थोड़ी फीकी जरूर पड़ जाती। पर ऐसा हो नहीं सका यह खबर अब पूरी दुनिया में फैल चुकी है कि रूस का लूना मिशन फेल हो चुका है। यूक्रेन युद्ध में पिछले एक साल से फंसा रूस इस मिशन के जरिए यह साबित करना चाहता था कि यूक्रेन युद्ध के बावजूद उसके यहां हालात सामान्य है और वह ऐसे मिशन लांच कर सकता है।

इसमें कोई शक नहीं कि अंतरिक्ष प्रक्षेपण के मामले में रूस भारत से काफी आगे है उसके पास ज्यादा शक्तिशाली रॉकेट हैं, तकनीकी दक्षता और अनुभव के मामले में भी वह भारत से आगे है। अंतरिक्ष में स्पेस स्टेशन स्थापित करने और अंतरिक्ष यात्रियों को स्पेस में भेजने के मामले में उसकी विशेषज्ञता भी जगजाहिर है।

पर सवाल है क्या लूना मिशन पुतिन के गलत निर्णय की वजह से फेल हुआ है? क्या यह जल्दबाजी में लिया गया फैसला और गलत आकलन का परिणाम है? ठीक वैसे ही जैसे पुतिन को यह यकीन था कि यूक्रेन को वह महज चंद दिनों में घुटने टेकने पर मजबूर देंगे। पर भारी तबाही के बाद भी यूक्रेन अब भी डटा हुआ है। अब हालात यह है कि यूक्रेन युद्ध रूस के लिए गले की फांस बन गया है। उस पर लूना मिशन की असफलता उसके लिए एक और परेशानी का सबब बन गया है।

बहरहाल इन सबके बीच भारत का चंद्र मिशन धीरे धीरे अपने पूर्व निर्धारित लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। बहुत उम्मीद है कि 23 अगस्त को इसरो इतिहास रचेगा। बस अब थोड़ा समय ही शेष है तबतक इंतजार कीजिए….    

Leave a Comment