राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के मौके पर सोमवार को स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने बच्चों को एल्बेंडाजोल जोल की गोली खिला कर राज्यस्तरीय कार्यक्रम की शुरुआत की। ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव प्लस टू स्कूल में आयोजित इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि स्कूली शिक्षक अपनी उपस्थिति में बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाएं। उन्होंने बच्चों और पैरेंट्स से कहा कि किसी को खुश करने के लिए नहीं बल्कि खुद के फायदे के लिए यह गोली खिलाने की जरूरत है।

स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि वह हर बच्चे के स्वास्थ्य के लिए चिंतित हैं क्योंकि वे देश के भविष्य हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि काला जार उन्मूलन के करीब हम हैं। कृमि की दवा के सभी खुराक खाने के बाद बहुत हद तक कुपोषण और अन्य बीमारियों की रोकथाम भी कर पाएंगे। आमजनों से उन्होंने आह्वान किया कि कोविड- 19 अनुकूल व्यवहारों का पालन करते हुए 1-19 साल के सभी बच्चों और किशोर-किशोरियों को कृमि नियंत्रण की दवाई (एल्बेंडाजाॅल) जरूर खिलाएं।
निशुल्क खिलाई जाएगी दवा
यह दवा सभी स्कूल और आंगनवाड़ी केन्द्रों पर राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर निःशुल्क खिलाई जाएगी। जो बच्चे छूट जाएं, उन्हें माॅप अप दिवस के दिन दवाई खिलाई जाएगी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक भुवनेश प्रताप सिंह ने कहा कि सरकारी विद्यालयों के साथ साथ निजी विद्यालय के बच्चों को भी एल्बेंडाजोल की खुराक खिलाई जाएगी। बच्चों के साथ यह गोली बड़ों को भी खानी चाहिए। कृमि से संक्रमितों को एनीमिया की सम्भावना ज्यादा होती है। मौके पर रांची के सिविल सर्जन, आईईसी सेल के प्रभारी डॉ प्रदीप कुमार सिंह सहित तमाम पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
- अपने हाथ साबुन से खाने से पहले और शौच जाने के बाद धोए
- आस पास सफाई रखें
- खुले में शौच ना करें
- जूते/चप्पल पहनें
- हमेशा साफ पानी पीयें
- नाखून साफ और छोटे रखें
- खाने को ढ़क कर रखें
- फल व सब्जियाँ साफ पानी से धोयें