दोषियों की गिरफ्तारी हो या फिर इच्छामृत्यु मिले

रांची।
अंतर्राष्ट्रीय बॉक्सर लक्ष्मी पाड़ेया ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास के समक्ष एकदिवसीय धरना दिया। दरअसल लक्ष्मी पाड़ेया झारखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष की हरकतों से परेशान है। उनका आरोप है कि कोषाध्यक्ष जातिसूचक गालियां देते हैं और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हैं। इस संबंध में थाना में मामला दर्ज किया गया है।
पूर्व में भी लक्ष्मी ने खेल विभाग में आवेदन दिया था पर सचिव पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। लक्ष्मी के मुताबिक उलटे सचिव अब केस उठाने की धमकी दे रहे हैं इसलिए उन्हें मुख्यमंत्री आवास के समक्ष धरना देने पर विवश होना पड़ा। लक्ष्मी ने कहा कि या तो आरोपी की गिरफ्तारी हो या फिर उन्हें इच्छामृत्यु दिया जाए।
लक्ष्मी ने बताया कि मुख्यमंत्री आवास में पदस्थापित पदाधिकारी से समुचित कार्रवाई पर कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है। इसके अलावा मुख्यमंत्री से भी उनकी मुलाकात नहीं करवाई गई है। विदित हो कि दिनांक 24/8/23 को खेलकूद विभाग के सचिव को आवेदन दिया गया था कि झारखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष द्वारा जाति सूचक गालियां देकर प्रताड़ित किया जाता रहा है.
इस मामले में तमाम संबंधित पदाधिकारियों को प्रतिलिपि भी दी गई थी। पर आज लगभग दो महीने के पश्चात भी दोषी पर किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं की गई है और सचिव द्वारा केस उठाने की धमकी दी है। इसकी वजह से धरना दिया। लक्ष्मी के साथ धरना देनेवाले सहयोगियों में अशोक मुंडा, गोपाल, रघुनाथ पाहन, प्रकाश मुंडा, प्रकाश मंडल सुरजीत सिंह तथा केंद्रीय सरना समिति के महासचिव कृष्णकांत टोप्पो शामिल थे।