
कहा, लोगों को याद दिलाने आया हूं सरकारों ने अबतक क्या किया
रांची:
झारखंड भाजपा में नयी जान फूंकने केंद्रीय राज्मंय त्री जनरल वीके सिंह सोमवार को रांची पहुंचे. रांची पहुंचने पर भाजपा नेताओं ने बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर स्वागत किया. एयरपोर्ट से निकलते वक्त मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड में जनमत प्राप्त करने के बाद बनी राज्य सरकार ने जनता के लिए अब तक क्या काम किया है और पूर्व की भाजपा सरकार ने जनता के लिए क्या कुछ किया है. इन सभी बातों को जनता तक पहुंचाने के लिए वो यहां आये हैं. एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि झारखंड के लिए सड़क एवं परिवहन के क्षेत्र में केंद्रीय स्तर पर सभी बेहतर योजनाओं को लागू करने में केंद्र सरकार सहयोग करेगी. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की तरफ से यदि बेहतर योजनाएं आएंगे तो उस पर केंद्र में बैठी सरकार पूर्ण सहयोग करेगी, बस वह प्रस्ताव जनता के हित में होना चाहिए. स्टेट हाईवे को नेशनल हाईवे के अंतर्गत लेकर उसका कायाकल्प किया जाएगा. साथ ही पहाड़ों पर भी लोगों एवं पर्यटकों को घूमने के लिए योजनाएं लायी जाएगी.
पहलवानों के मुद्दे पर कहा सरकार व एजेंसियां कर रही है कार्रवाई
पहलवानों के साथ हुए पुलिसिया कार्रवाई पर केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने कहा कि पहलवानों के साथ क्या कुछ हो रहा है सबों को पता है. जब सरकार और प्रशासन के लोग जांच के लिए कार्रवाई कर रहे हैं तो फिर विरोध प्रदर्शन को राजनीतिक रूप देना कहीं से भी सही नहीं है. उन्होंने कहा कि यदि धरना पर बैठे पहलवानों को भड़काने के लिए बाहर के लोग आकर दंगा फैलाने और लॉ एंड ऑर्डर को खराब करने की कोशिश करेंगे तो ऐसी स्थिति में पुलिस को तो अपना काम करना ही होगा.