
RANCHI: राजधानी व आसपास के इलाके में 3,34,084 को फाइलेरिया रोधी दवा खिलाई जाएगी। सिविल सर्जन डॉ विनोद कुमार ने बताया कि फाइलेरिया के खात्मे के लिए इस वर्ष मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (MDA) कार्यक्रम 10 फरवरी से 25 फरवरी 2023 तक मानाया जा रहा है। 10 फरवरी से 25 फरवरी 2023 तक जिले के फाइलेरिया से अति प्रभावित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बेड़ो और बुढ़मू के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सहित स्वास्थ्य उपकेन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, सभी आंगनबाड़ी केन्द्र और स्कूलों के अलावा सार्वजनिक भवनों में बूथ बनाकर डीइसी और अलबेंडाजोल दवा खिलाई जाएगी। वहीं छूटे हुए लोगों को घर-घर जाकर 11 फरवरी से 25 फरवरी तक दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
82 क्विक रिस्पांस टीम
इस अभियान के तहत 82 क्विक रिस्पांस टीम बनाई गई है जो दवा खिलाने के बाद कोई परेशानी होती है तो ट्रीटमेंट के लिए हाजिर होगी। उन्होंने कहा कि फाइलेरिया एक वेक्टर जनित रोग है जो संक्रमित मादा क्यूलेक्स मच्छर के काटने से होता है। फाइलेरिया के कारण पांव में विकृति आ जाती है। इस वजह से समाज के लोग उसे हीन नजरों से देखते है। लेकिन इस बीमारी की रोकथाम के लिए दवा है। जिले में कुल 3,34,084 लोगों को दवा खिलाई जानी है। कुल 470 बूथ पर 940 स्वास्थ्य कार्यकर्ता दवा खिलाने का काम करेंगे। खाली पेट में यह दवा नहीं दी जाएगी। दो वर्ष से कम उम्र के बच्चे, गर्भवती महिला एवं गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति को ये दवाएं नहीं दी जाएगी। इस वर्ष 1-2 वर्ष के बच्चों को केवल अल्बेंडाजोल की आधी (1/2) गोली पीसकर खिलाने का निर्देश दिया गया।