
RANCHI: रिम्स में एक्सरे कराने गए एक जूनियर डॉक्टर को थोड़ा इंतजार करने के लिए क्या कहा गया जूनियर डॉक्टर भड़क गया। इतना ही नहीं ड्यूटी में तैनात टेक्निशियन को पहले गाली-गलौच किया। कुछ देर बाद उसकी पिटाई भी कर दी। घटना से गुस्साए पारा मेडिकल कर्मियों व स्टूडेंट्स ने विरोध में मेडिकल सुपरिंटेंडेंट के आफिस के बाहर घेराव किया। लेकिन अधिकारियों से उनकी मुलाकात नहीं हो पाई। इसके बाद पारा मेडिकल स्टाफ्स ने काम ठप कर दिया। जिससे कि एक्सरे, पैथोलॉजी, सीटी, एमआरआई समेत कई काम प्रभावित हुए। पारा मेडिकल कर्मियों ने कहा कि शुक्रवार को वे लोग अधिकारियों से मिलकर कर दोषी जूनियर डॉक्टर पर कार्रवाई की मांग करेंगे।
क्या है पूरा मामला
गुरुवार को एक जूनियर डॉक्टर किसी को साथ लेकर एक्सरे कराने पहुंचा था। मरीजों की भीड़ को देखते हुए टेक्निशियन ने कहा कि थोड़ा इंतजार करना होगा। इसके बाद जूनियर डॉक्टर को गुस्सा आया और गाली गलौच शुरू कर दिया। इससे भी उसका मन नहीं भरा तो टेक्निशियन की धुनाई कर दी। पारा मेडिकल कर्मियों ने बताया कि मारपीट करने वाला जूनियर डॉक्टर निशांत कुमार सर्जरी डिपार्टमेंट में है।