
RANCHI: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हरी झंडी दिखाकर “राँची वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का शुभारंभ, राँची- बंडामुंडा रेलखंड के अंतर्गत पकरा-कुरकुरा और ओड़गा-नुआग दोहरीकरण का लोकार्पण किया। वहीं मंडल के रांची, हटिया, गोविन्दपुर रोड, इटकी, मुरी, पिस्का, सिल्ली, टांगरबसलि, झालिदा एवं टाटीसिलवे स्टेशनों पर एक स्टेशन एक उत्पाद योजना के स्टॉल का उद्घाटन किया गया। साथ ही प्रधानमंत्री द्वारा पूरे भारतीय रेल में आज 85 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लगभग 6,000 रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला रखी गयी और राष्ट्र को समर्पित किया गया।
सांसद, विधायक, जीएम और डीआरएम रहे मौजूद
मंडल के रांची रेलवे स्टेशन पर आयोजित भव्य समारोह में विशिष्ट अतिथि राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन, अनुसूचित जनजाति अनुसूचित जाति पिछड़ा वर्ग कल्याण, परिवहन मंत्री झारखंड सरकार दीपक बिरुवा, सांसद संजय सेठ, सांसद आदित्य प्रसाद, सांसद समीर उराँव, विधायक सीपी सिंह तथा माननीय विधायक, तोरपा कोचे मुंडा, महाप्रबंधक दक्षिण पूर्व रेलवे अनिल कुमार मिश्रा तथा मंडल रेल प्रबंधक रांची जसमीत सिंह बिंन्द्रा की उपस्थिति में रांची वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन रवाना हुई। इसी प्रकार मंडल के 03 अन्य स्टेशनों कुरकुरा, ओड़गा एवं झालिदा स्टेशन पर आयोजित समारोह में उस क्षेत्र के जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं यात्री सम्मिलित हुए।
वंदे भारत ट्रेनों की संख्या हुई 102
रांची – वाराणसी वंदे भारत के अलावा माननीय प्रधानमंत्री द्वारा आज 09 और वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों मैसुरू -एमजीआर चेन्नई, लखनऊ-देहरादून, कलबुरगि – सर एम विश्वेश्वरय्या टर्मिनल, बेंगलुरु, दिल्ली (निज़ामुद्दीन) – खजुराहो, सिकंदराबाद – विशाखापट्टनम, न्यू जलपाईगुड़ी – पटना, पटना – लखनऊ, अहमदाबाद – मुंबई सेंट्रल एवं पूरी – विशाखापट्टनम वंदे भारत एक्सप्रेस, 4 वंदे भारत ट्रेनों के विस्तार सहित अन्य ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही भारत के विभिन्न राज्यों में कुल 102 वंदे भारत ट्रेन का परिचालन प्रारम्भ हो गया हैं। इस ट्रेन द्वारा यात्री लगभग 8 घंटों में रांची से वाराणसी का सफर तय करेंगे।
उद्घाटन के अवसर पर आज ट्रेन संख्या 02887 रांची वाराणसी वंदे भारत स्पेशल ट्रेन रांची स्टेशन से रवाना हुई, इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी, जनप्रतिनिधि, रेलवे उपभोक्ता सलाहकार समिति के प्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक, मीडिया के प्रतिनिधि एवं अन्य लोगों ने राँची रेल मंडल की तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होकर इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्यालय दक्षिण पूर्व रेलवे से प्रधान मुख्य शाखा अधिकारी, रांची रेल मंडल के शाखा अधिकारी अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी, क्षेत्रीय रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति, मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति, केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार के विभिन्न कार्यालयों / विभागों के प्रतिनिधि, विभिन्न बैंकों एवं संस्थानों के प्रतिनिधि, स्कूली बच्चे तथा बड़ी संख्या में रांची के गणमान्य नागरिक एवं यात्री उपस्थित थे।
रांची – वाराणसी – रांची वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का नियमित परिचालन दिनांक 18/03/2024 से किया जाएगा |
ट्रेन संख्या 20887 रांची – वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस दिनांक 18/03/2024 से सप्ताह में छह दिन (गुरुवार छोड़ कर) रांची से प्रस्थान करेगी।
ट्रेन का रांची प्रस्थान 05:10 बजे, मूरी आगमन 06:10 बजे प्रस्थान 06:12 बजे, बोकारो स्टील सिटी आगमन 07:10 बजे प्रस्थान 07:12 बजे, कोडरमा आगमन 08:40 बजे प्रस्थान 08:42 बजे, गया आगमन 10:00 बजे प्रस्थान 10:05 बजे, सासाराम आगमन 11:03 बजे प्रस्थान 11:05 बजे, पंडित दीनदयाल उपाध्याय आगमन 12:15 बजे प्रस्थान 12:20 बजे एवं वाराणसी आगमन 13:00 बजे होगा ।
ट्रेन संख्या 20888 वाराणसी – रांची वंदे भारत एक्सप्रेस दिनांक 18/03/2024 से सप्ताह में छह दिन (गुरुवार छोड़ कर) वाराणसी से प्रस्थान करेगी।
ट्रेन का वाराणसी प्रस्थान 16:05 बजे, पंडित दीनदयाल उपाध्याय आगमन 16:40 बजे प्रस्थान 16:45 बजे, सासाराम आगमन 17:48 बजे प्रस्थान 17:50 बजे, गया आगमन 18:45 बजे प्रस्थान 18:50 बजे, कोडरमा आगमन 19:50 बजे प्रस्थान 19:52 बजे, बोकारो स्टील सिटी आगमन 21:50 बजे प्रस्थान 21:55 बजे, मूरी आगमन 22:48 बजे प्रस्थान 22:50 बजे एवं रांची आगमन 23:55 बजे होगा |
इन ट्रेनों में वातानुकूलित चेयर कार के 07 कोच एवं वातानुकूलित एक्ज़ेक्यूटिव चेयर कार का 01 कोच, कुल 08 कोच होंगे।
………………………………………………………………………………………………………………………………….