
Ranchi : राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि झारखण्ड राज्य अपार संभावनाओं वाला प्रदेश है. इस राज्य में असीम खेल प्रतिभाएं निहित हैं, जिन्हें प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है. हमारे युवाओं को प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ना चाहिए, उन्हें उत्कृष्टता हासिल करनी होगी, वे यह संकल्प लें कि वे अपने लक्ष्यों को प्राप्त कर सकते हैं, (If you want to achieve, you can!). उन्होंने कहा कि झारखण्ड राज्य वीरों की भूमि है, यहाँ भगवान बिरसा मुंडा समेत अन्य महान स्वतंत्रता सेनानी हुए. भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 1875 ई० में हुआ और वे 1900 ई० में 25 वर्ष की अल्पायु में ही देश के लिए संघर्ष करते हुए शहीद हो गये, लेकिन लोगों के हृदय में उनका स्थान सदा बना रहेगा.
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर किया नाम रौशन
उन्होंने कहा कि शपथ ग्रहण के बाद आज मेरा दूसरा कार्यक्रम है, पहला कार्यक्रम धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली में हुआ. उन्होंने कहा कि इस पावन भूमि ने कई ऐसे खिलाड़ी प्रदान किए हैं जिन्होंने अपनी प्रतिभा से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर राष्ट्र का नाम रौशन किया है. यह राज्य महान खिलाड़ी मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा जी की भूमि है. वे उस हॉकी टीम के कप्तान थे जो 1928 के ओलंपिक में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता था. भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने क्रिकेट की दुनिया में बहुत बड़ा नाम अर्जित किया है और अपने खेल से सबको प्रभावित किया. उन्होंने निक्की प्रधान, सलीमा टेटे, अरुणा मिश्रा, दीपिका, रूपा रानी तिर्की, लवली चौबे, चंदन कुमार सिंह समेत अन्य खिलाड़ियों का जिक्र करते हुए कहा कि इस राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में बहुत खेल प्रतिभा मौजूद हैं, जिन्हें आगे लाने की जरूरत है.
खेल महोत्सव का हुआ समापन
उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य को ‘लैंड ऑफ आर्चरी’ एवं ‘लैंड ऑफ हॉकी’ कहा जा सकता है। राज्यपाल आज मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, होटवार, राँची में आयोजित ‘सांसद खेल महोत्सव’ के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने लोकसभा सांसद संजय सेठ को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं के बीच खेल को आगे बढ़ाने व एक नया अवसर प्रदान करने की दिशा में यह सराहनीय प्रयास है. उन्होंने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. साथ ही कहा कि सांसद खेल महोत्सव खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है.