RANCHI :
परमवीर चक्र विजेता शहीद अल्बर्ट एक्का के अस्थि अवशेष की मिट्टी अंडमान द्वीप समूह ले जाया जायेगा. इस मिट्टी को अंडमान स्थित परमवीर अल्बर्ट एक्का द्वीप में ले जाने की योजना है. यह जानकारी परमवीर अल्बर्ट एक्का मेमोरियल फाउंडेशन की ओर से दी गयी है. फाउंडेशन की मैनेजमेंट ट्रस्ट की अगले कुछ दिनों में होनेवाली बैठक में इस विचार को मूर्त रूप देने पर विमर्श किया जायेगा.

फाउंडेशन से जुड़े रतन तिर्की, सचिव जोय बाखला और सदस्य श्यामल हेरेंज ने बताया कि अंडमान निकोबार द्वीप समूह में रहनेवाले झारखंड के आदिवासी समुदाय के लोगों से इस बाबत संपर्क किया गया है. अंडमान के आदिवासियों ने इस विचार पर खुशी जाहिर की है और कहा है कि वे इस मामले में हर संभव मदद करेंगे.
अंडमान के आदिवासी संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा है कि अंडमान निकोबार द्वीप समूह प्रशासन से जल्द ही संपर्क कर इस कार्यक्रम की सूचना विधिवत दी जाएगी. जोय बाखला ने बताया कि अंडमान निकोबार के आदिवासियों ने कहा है कि जैसे ही कार्यक्रम की घोषणा होगी यहां तैयारी शुरू कर दी जाएगी.
परमवीर अल्बर्ट एक्का के अस्थि अवशेष की कुछ पवित्र मिट्टी ट्रस्ट से जुड़े सदस्य के लालपुर आवास में ससम्मान सुरक्षित रखी गई है.
गौरतलब है कि हाल ही में केंद्र सरकार ने परमवीर चक्र विजेताओं के नाम पर अंडमान के अनाम द्वीपों के नामकरण की घोषणा की है. इसी तहत एक द्वीप का नामकरण 1971 के भारत पाकिस्तान युद्ध में शहीद हुए परमवीर अल्बर्ट एक्का के नाम पर किया गया है. यह झारखंड के साथ साथ पूरे देश के लोगों के लिए गर्व का विषय है.