
Vivek Sharma
Ranchi
कोरोना के बाद से स्वास्थ्य विभाग हेल्थ सिस्टम को पटरी पर लाने में जुटा है. इसके तहत लगातार नए प्रयोग किए जा रहे है. अब सदर हॉस्पिटल सुपरस्पेशियलिटी में मरीजों को प्राइवेट हॉस्पिटल की तर्ज पर सुविधाएं देने की तैयारी है. बेहतर इलाज के साथ सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी कमिटी भी सुझाव दे रही है. इसी कड़ी में हॉस्पिटल में स्मार्ट नर्स कॉलिंग सिस्टम की शुरुआत की जा रही है. एक क्लिक पर नर्स मरीज के पास हाजिर होगी. वहीं तत्काल जरूरतमंद मरीजों को इलाज मुहैया कराया जाएगा. बताते चलें कि राज्य के सबसे बड़े हॉस्पिटल रिम्स में भी ऐसी व्यवस्था नहीं है, जहां इनडोर में 1500 मरीज एडमिट रहते है.
हर फ्लोर पर डिवाइस इंस्टॉल
इनडोर में सभी फ्लोर पर नर्सिंग असिस्टेंस सेंटर है. इन सेंटरों पर ड्यूटी पर नर्स तीन शिफ्ट में तैनात रहती है. इन सेंटरों के पास ही स्मार्ट नर्स कॉलिंग डिवाइस लगाई गई है. जहां पर अलार्म बजने के साथ लाइट भी जलेगा. वहीं डिवाइस में यह भी शो करेगा कि किस जगह से मरीज मदद मांग रहे है. इसके बाद तत्काल नर्स मरीज के पास पहुंच कर उनकी मदद करेगी.
200 मरीज रहते है इनडोर में
हॉस्पिटल में फिलहाल 200 मरीज इनडोर में एडमिट रहते है. इनमें ज्यादातर मरीज मैटरनिटी और चाइल्ड वार्ड में होते है. इसके अलावा जेनरल वार्ड में भी मरीजों का इलाज चल रहा है. कई बार ऐसा होता है कि मरीज नर्स को बुला पाने में असमर्थ होते हैं. अब बेड के पास बटन दबाकर वे नर्स को आसानी से बुला सकते है.
500 बेड का सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल
सदर हॉस्पिटल अब 500 बेड का सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल बन गया है. फिलहाल हॉस्पिटल में जरूरी इक्विपमेंट्स लगाए जा रहे है. वहीं 250 बेड के साथ हॉस्पिटल का संचालन भी हो रहा है. कुछ दिनों में हॉस्पिटल में मरीजों के लिए 500 बेड उपलब्ध होंगे. जिसमें सभी तरह के मरीजों का इलाज किया जाएगा.