
RANCHI: सदर हॉस्पिटल के लेबर रूम में सोमवार को इंचार्ज नर्स से हाथापाई के बाद मामला लोअर बाजार थाना पहुंच गया. इसके बाद आरोपी महिला कुछ और साथियों के साथ शाम में सदर हॉस्पिटल पहुंची और नर्सों को कांप्रोमाइज करने को कहा. विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई. बीच बचाव के लिए सुपरवाइजर और गार्ड भी आए. काफी मशक्कत के बाद मामले को शांत कराया गया. वहीं एकबार फिर सभी ने हॉस्पिटल में काम ठप करा दिया. बताते चलें कि दिन में हुई घटना के बाद सिविल सर्जन और सुपरवाइजर ने सभी को समझा बुझाकर काम पर वापस बुला लिया था. सभी अपने काम पर लौटए गए थे.
दिन में हुई थी हाथापाई
इससे पहले सदर हॉस्पिटल के लेबर रूम में सोमवार को इंचार्ज नर्स टेरेसा और दीप्ती के साथ एक महिला ने हाथापाई कर दी. इसके बाद नर्सों ने हड़ताल कर दी. वहीं ओपीडी को भी ठप करा दिया गया. जिससे कि इलाज के लिए आए मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ी. वहीं कई मरीज तो बिना इलाज कराए ही लौट गए. नर्सों का कहना था कि जबतक आरोपी पर कार्रवाई नहीं की जाती है वे लोग काम पर नहीं लौटेगी. वहीं मामले की सूचना लोअर बाजार थाना को दे दी गई थी.