
RANCHI.
संविधान जागार यात्रा के दूसरे चरण का कार्यक्रम मदरा मुंडा सुतियांबेगढ़ सिंगबोंगा जतरा स्थल से शुरू हुई. इसी क्रम में आज संविधान जागार यात्रा के प्रतिनिधियों ने मुख्य सचिव सुखदेव सिंह और मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वंदना दादेल को संविधान की प्रस्तावना भेंट किया. मुख्य सचिव ने हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया है.
इसके साथ साथ आज रांची विश्वविद्यालय के कुलपति अजीत सिन्हा और कुलसचिव एम सी मेहता से भी भेंट कर कालेजों में संविधान जागार यात्रा कार्यक्रम आयोजित करने का आग्रह किया गया जिसे कुलपति ने सहर्ष स्वीकार किया और सराहनीय कार्य बताते हुए कहा कि रांची विश्वविद्यालय के सभी कॉलेजों में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. जिसके लिए हर कॉलेजों को सूचित कर दिया जायेगा.
मौके पर पूर्व टीएसी सदस्य रतन तिर्की ने कहा कि दूसरे चरण में रांची के स्कूल कालेजों और शिक्षण संस्थाओं में संविधान की मूल भावना और मूल्यों की जानकारी दी जायेगी.
उन्होंने बताया कि इसके अलावा प्रखंड कार्यालयों में भी संविधान की जानकारी व संविधान की प्रस्तावना पाठ किया जायेगा.
यात्रा में शामिल प्रभाकर तिर्की ने कहा कि संविधान भी समाज समुदाय का एक मूल ग्रन्थ है जिसमें हर नागरिक को संवैधानिक अधिकार प्रदान किया गया है . इसलिए सभों को संवैधानिक जानकारी देने की आवश्यकता है.
बलराम जी ने कहा कि देश के हर नागरिक सिर्फ वोट के दिन नागरिक होने का कर्तव्य निभाते हैं जबकि हर पांच सालों तक देश के नागरिक बने रहना चाहिए.
डॉक्यूमेंट्री फिल्म मेकर और झाड़खंड आंदोलनकारी प्रबल महतो ने भी संविधान की महत्ता पर प्रकाश डाला और कहा कि संविधान जानो और जियो.
प्रबल महतो ने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी इस संबंध में बातचीत करने और जानकारी देने के लिए समय मांगा गया है.
आज़ सिंगबोंगा जतरा आयोजन समिति के अध्यक्ष अशोक उरांव और जिला परिषद सदस्य जमील अंसारी, जोगेन्दर राम, महिला समिति की पुनीत उरांव व गांव के सैकड़ों लोगों ने संविधान प्रस्तावना पाठ कर दूसरे चरण की संविधान जागार जातरा यात्रा की शुरुआत की.