RANCHI :
विभिन्न आदिवासी संगठनों का साझा मंच आदिवासी समन्वय समिति ने कहा है कि आज कुड़मी/कुरमी/महतो समुदाय के संपन्न वर्ग के राजनीतिक लोगों द्वारा अपनी जाति के लोगों को भ्रमित करके जातीय गोलबंदी करके आदिवासी बनने की लड़ाई लड़ा जा रहा है ज़ो आदिवासियों के उपर हमला है.

समिति के द्वारा करमटोली स्थित धुमकुड़िया भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि इस समुदाय के लोगों को यदि आदिवासी (शिडयूल ट्राइब)में शामिल किया जाता है तो मूल आदिवासी समुदाय की नौकरी, जमीन,राजनीतिक हिस्सेदारी/प्रतिनिधित्व, पहचान, इतिहास खतरे में आ जाएगी. इन्ही प्रमुख मांगों को लेकर आदिवासी समन्वय समिति द्वारा आयोजित आदिवासी बचाओ महारैली की तैयारी के लिए बैठक,जनसंपर्क,सभा , प्रचार-प्रसार सभी जिलों में किया जा रहा है.
5 मार्च की महारैली आदिवासी समाज को बचाने के लिए
समिति द्वारा आगामी 5 मार्च 2023 को आदिवासी बचाओ महारैली आदिवासी समाज को बचाने के लिए आयोजित है. यह महारैली किसी नेताओं/संगठनों की निजी स्वार्थ, महत्वाकांक्षा और उद्देश्यों को पूरा करने के लिए नही बल्कि आदिवासी समाज के उपर जो चौतरफा हमला जारी है, उससे बचने के लिए गांव – गांव तक के आदिवासियों को जगाने के लिए है.
चमरा लिंडा निजी स्वार्थ साधने के लिए निकाल रहे रैली
वहीं विधायक चमरा लिंडा द्वारा आयोजित 16 फरवरी 2023 की आदिवासी अधिकार महारैली आदिवासी समाज को ठगने और गुमराह करके अपने निजी स्वार्थ, महत्वाकांक्षा और राजनीतिक उद्देश्य को साधने के लिए आयोजित है. वहीं धन- बल और संसाधनों के जोर से आदिवासी लोगों को रुपये-पैसे खर्च कर,खिला- पिलाकर गाड़ी-वाहन भेजकर ढोकर लाने की रैली है. विधायक चमरा लिंडा को बताना चाहिए कि आखिर ये लाखों-लाख रुपये आ कहां से आ रहा है? उनको यह भी बताना चाहिए कि तेरह साल की विधायकी में आपने आदिवासी मुद्दों पर क्या- क्या किया है? आदिवासियों के कई आंदोलन हुए इसमें आप कहां थे? आदिवासी समाज के लोग जानना चाहते हैं.
आदिवासियों के सवालों पर भाजपा, झामुमो, कांग्रेस सभी राजनीतिक दलों की भूमिका आदिवासी समुदाय को छलने की ही रही है।
आज संवाददाता सम्मेलन में पूर्व मंत्री देव कुमार धान, पूर्व मंत्री गीताश्री उरांव, लक्ष्मीनारायण मुंडा,प्रेमशाही मुंडा,अजय तिर्की,अभय भुटकुंवर, सिदाम मुंडा आदिवासी जन परिषद (पांच परगना कमेटी ) सेलीना लकड़ा मानिक सरदार (जमशेदपुर) प्रदीप खलखो,अनिल टूडू (धनबाद ), उपस्थित थे.