मलेशिया में सम्मानित हुए खोरठा प्राध्यापक ओहदार अनाम

RANCHI :

राधा गोविंद विश्वविद्यालय के खोरठा विभाग के सहायक प्राध्यापक ओहदार अनाम को मलेशिया में सम्मानित किया गया है. यह सम्मान उन्हें भारत की आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर मलेशिया में 21-22 जनवरी को अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी के दौरान मिला. संगोष्ठी का आयोजन नेताजी सुभाष चन्द्र बोस इंडियन कल्चरल सेंटर कुआलालंपुर, हाई कमीशन ऑफ इंडिया (मलेशिया), यूनिवर्सिटी मलाया, मलेशिया तथा साहित्य संचय शोध संवाद फाउंडेशन नई दिल्ली भारत के संयुक्त तत्वावधान में किया गया था.

मलेशिया में सम्मानित हुए खोरठा प्राध्यापक ओहदार अनाम

 इसमें भारत सहित अन्य देशों के साहित्यकार, शोधार्थी, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, कुलसचिव, शिक्षाविद तथा केंद्रीय हिंदी निदेशालय के अधिकारियों ने भाग लिया. इस सम्मेलन के मुख्य अतिथि डॉ.मनीमारन सुब्रमण्यम प्रोफेसर,मलाया विश्वविद्यालय, कुआलालंपुर, मलेशिया तथा सम्मानित अतिथि श्रीमती रम्या हिरियनैय्याह निदेशक नेताजी सुभाष चन्द्र बोस इंडियन कल्चरल सेंटर कुआलालंपुर मलेशिया के सान्निध्य में भारत एवं मलेशिया के सांस्कृतिक संबंध पर तथा हिंदी संवर्धन के संबंध में विचार-विमर्श किया गया.

भारत-मलेशिया गौरव सम्मान मिला

इस संगोष्ठी मे ओहदार अनाम को ‘भारत-मलेशिया गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया. संगोष्ठी में  प्राध्यापक ओहदार अनाम ने ‘खोरठा लोकगीतों में प्रकृति एंव संस्कृति’ तथा खोरठा साहित्यकार सुकुमार के गीतों में प्रकृति, संस्कृति एंव भक्ति शीर्षक पर शोध पत्र का वाचन किया, जो विद्वानों द्वारा प्रशंसित हुआ. संगोष्ठी में आयोजित ‘काव्य संध्या’ में खोरठा लोकगीतों की प्रस्तुति कर ओहदार अनाम ने सबकी वाहवाही लूटी. खोरठा में लोकगीतों की प्रस्तुति करने पर साहित्य संचय शोध सवांद फाउंडेशन, दिल्ली, भारत, एवं मारवाड़ी युवा मंच कुआलालंपुर द्वारा ओहदार अनाम को ‘मलेशिया काव्य सम्मान’ से  सम्मानित किया गया. इस अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में साझा काव्य संकलन ‘तेरे शहर में..’ प्रकाशित की गई जिसमें ओहदार अनाम द्वारा लिखित कविताओं को भी प्रकाशित ककिया गया है.

 ज्ञातव्य है कि ओहदार अनाम खोरठा भाषा के पहले ऐसे प्राध्यापक हैं जो अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में खोरठा का प्रतिनिधित्व किये हैं. ओहदार अनाम की इस उपलब्धि पर  राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के कुलाधिपति  वैजनाथ साह, प्रतिकुलाधिपति प्रो.डॉ.एम.रजीउद्दीन, कुलसचिव डॉ. निर्मल कुमार मंडल, मुख्य परीक्षा नियंत्रक डॉ.अशोक कुमार, सहायक परीक्षा नियंत्रक डॉ. रश्मि , मुख्य लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, विश्वविद्यालय प्रबंधन समिति के अजय कुमार , खोरठा साहित्य संस्कृति परिषद के अध्यक्ष डॉ. बी.एन.ओहदार, सचिव सुजीत कुमार ने बधाई दी है.

Leave a Comment