
RANCHI : जेएसएससी ने सीजीएल की परीक्षा से संबंधित 85023 अभ्यर्थियों के आवेदन रद्द कर दिया हैं। आयोग ने 297 पन्नों की लिस्ट जारी की है। जिसमें बताया गया है कि आवेदन में त्रुटियों की वजह से इसे रद्द कर दिया है। सूचना में आयोग ने बताया है कि 24 हजार से अधिक ऐसे आवेदन हैं जिन्होंने आवेदन भरने की प्रक्रियाओं को पूरा नहीं किया। कुछ आवेदक ने नाम, पिता का नाम, जन्मतिथि या पता भरने में गलती की हैं। इसके अलावा वैसे अभ्यर्थियों का आवेदन भी रद्द किया गया है जिन्होंने जनजातीय/क्षेत्रीय भाषा का चयन नहीं किया। कुछ लोगों ने आरक्षण कोटि और दिव्यांगता के कॉलम में परिवर्तन किया लेकिन पेमेंट नहीं किया। इसके अलावा परीक्षा में शामिल होने के लिए पहले आयोग की वेबसाइट में रजिस्ट्रेशन करना होता है। इसके बाद पूरा फॉर्म भरकर अलग-अलग चरणों में फोटो, हस्ताक्षर अपलोड करना होता है। सारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आखिर में आवेदन शुल्क जमा करना होता है लेकिन इन अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन के बाद प्रक्रिया बीच में ही छोड़ दी। बता दें कि आयोग ने सीजीएल परीक्षा के लिए 21 जनवरी और 28 जनवरी 2023 की तिथि तय की है। तिथि में बदलाव को लेकर छात्रों का विरोध शुरू हो गया है। जिसको लेकर शुक्रवार को छात्रों ने जेएसएससी कार्यालय के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया।