मलेशिया जाने वाले कराटे खिलाड़ियों को इमा ने दिए किट

RANCHI: 3 से 5 मार्च तक मलेशिया की राजधानी क्वालालंपुर के तितिवंग्सा स्टेडियम में होने वाले 12वीं साइलेंट नाइट कराटे कप अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में भाग ले रहे भारतीय कराटे टीम में झारखंड से दो महिला खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। दोनो खिलाड़ी इंटरनेशनल मार्शल आर्ट एकेडमी के है। इमा के तकनीकी निदेशक रेंसी सुनील किस्पोट्टा भारतीय कराटे टीम के कोच बनाए गए हैं। उन्होंने कराटे स्टूडियो में दोनों खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए दोनों को कराटे किट प्रदान किया। जिससे कि दोनों खिलाड़ियों को किसी तरह की असुविधा न हो।

देश का करेंगे प्रतिनिधित्व

मोहिनी रितिका टोप्पो सीनियर महिला काता वर्ग में एवं काजल कुजूर 12 से 13 साल 47 किलो से अधिक वजन के कुमिते वर्ग में इस प्रतियोगिता में भाग लेकर देश का प्रतिनिधित्व करेगी। राज्य के खिलाड़ी 28 फरवरी को रांची से कोलकाता के लिए रवाना होंगे। 1 मार्च को कोलकाता एयरपोर्ट में वह भारतीय कराटे दल में शामिल होकर मलेशिया के लिए रवाना हो जाएंगे। सुनील किस्पोट्टा ने कहा कि यह राज्य के लिए गर्व की बात है कि राज्य के कराटे खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में देश का परचम लहरा रहे हैं। उम्मीद है कि इस बार भी वे देश और राज्य का नाम रौशन करेंगे। खिलाड़ियों के भारतीय कराटे टीम में शामिल किए जाने पर इमा के अध्यक्ष सेंसाई अनिल किस्पोट्टा, राकेश तिर्की, कुंदन उरांव, सेवक कुजुर और मौजूद अभिभावक ने शुभकामनाएं दी।

Leave a Comment