
कडरू में चर्च के विस्तारित भवन का बिशप ने किया शिलान्यास
प्रवीण मुंडा
रांची.
होली ट्रिनिटी चर्च कडरू के नये विस्तारित भवन का शिलान्यास रविवार (7 मई 2023) को हुआ. नये भवन का शिलान्यास सीएनआई छोटानागपुर डायसिस का बिशप बीबी बास्के ने किया. इस अवसर पर बिशप को कडरू पेरिश की ओर से नई इमारत की तस्वीर बतौर उपहार दी गई. बिशप बीबी बास्के ने विश्वासियों को शुभकामना दी. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आपलोगों ने चर्च के पुननिर्माण का काम शुरू किया है. अभी जो भवन है, उसका विस्तार होगा. इस कार्य में आप सभी को सफलता मिले. कडरू पेरिश में सेवकाई और गवाही के द्वारा ईश्वर की महिमा हो. एक बार आप सभी को शुभकामनाएं.

दक्षिण भारत के चर्च भवन से प्रेरित होगा नया भवन
चर्च के विस्तारित भवन का काम देख रहे सोलोमन जॉन ने कहा कि चर्च 80 फीट लंबा और 70 फीट चौड़ा होगा. इसकी ऊंचाई 40 फीट होगी. नये भवन को भूकंपरोधी तकनीक से बनाया जा रहा है और इसकी क्षमता 800 श्रद्धालुओं की होगी. चर्च का इंटीरियर ऐसा होगा जिसमें हर श्रद्धालु को वेदी अच्छी तरह से दिखाई देगा. चर्च में दो टावर होंगे और बाहरी दीवारों को सपोर्ट देने के लिए भी इंतजाम होंगे. चर्च के अंदर दो फ्लोर होंगे. खिड़कियों को इतर से डिजाइन किया गया है कि अंदर अच्छी तरह से प्रकाश पहुंचे. इमारत का भवन दक्षिण भारत के चर्चों से प्रेरित है. इसकी लागत तकरीबन दो करोड़ बतायी जा रही है. इसे डेढ़ से दो वर्षों के अंदर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
शिलान्यास कार्यक्रम में मौजूद लोग
आज शिलान्यास कार्यक्रम में डायसेसन सचिव रेव्ह जोलजस कुजूर, डायसेसन कोषाध्यक्ष रेव्ह अनिल डाहंगा, रेव्ह एस डेविड, रेव्ह सामुएल नाग, पेरिस पुरोहित सिकंदर नाग, रेव्ह केएम फिलिप, पेरिस सचिव प्रवीण तिर्की, पेरिस कोषाध्यक्ष एन हिरन कुजूर, डॉ अनुज तिग्गा सहित बड़ी संख्या में विश्वासी उपस्थित थे.