आंदोलनकारियों को दिग्भ्रमित और छवि धूमिल करने का हो रहा प्रयास

आंदोलनकारियों को दिग्भ्रमित और छवि धूमिल करने का हो रहा प्रयास

झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा का नाम परिवर्तित करने का निर्णय

रांची:

झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा केन्द्रीय समिति के एक्सक्यूटिव बॉडी की बैठक गुरुवार को रांची के नयाटोली स्थित फिलोमिना गार्डन में केन्द्रीय अध्यक्ष राजू महतो की अध्यक्षता में हुई। बैठक में झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा केन्द्रीय समिति के नाम से कुछ स्वार्थी तत्वों द्वारा गलत तरीके से निबंध करा लेना, झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के नाम पर पैन कार्ड बनवाकर खाता खुलवाकर नाजायज तरीके से वसूली करना, आंदोलनकारियों से चिन्हितीकरण के नाम पर उगाही करने की बातें सदस्यों को बताई गई.

बैठक में कहा गया कि यह आंदोलनकारियों की छवि धूमिल करने व दिग्भ्रमित करने का प्रयास है। इसलिए झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा का नाम परिवर्तित करने, जुलाई माह में ही रांची में सम्मेलन करने, आंदोलनकारियों के कल्याण कोष, आंदोलनकारियों का जल्द चिन्हितीकरण कराने, जेल जाने की बाध्यता समाप्त करते हुए सभी आंदोलनकारियों को समान रूप से मान-सम्मान, नियोजन, पेंशन सहित सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर संघर्ष तेज करने आदि पर चर्चा की गई।

बैठक में झारखंड सरकार के द्वारा आंदोलनकारियों के प्रति उपेक्षापूर्ण नीतियों की निंदा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 16 जुलाई रविवार को रांची में सम्मेलन किया जाएगा। जिसमें सभी जिलों के वैसे वरिष्ठ लोगों को आमंत्रित किया जाएगा, जो प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से झारखंड आंदोलन से जुड़े रहे अथवा आंदोलन को संचालित करने में सहयोगी रहे हैं। साथ ही कवियों, लेखकों, पत्रकारों, कलाकारों, बुद्धिजीवियों आदि को भी आमंत्रित किया जाएगा।

मौके पर  महासचिव कयूम खान, वरीय उपाध्यक्ष अश्विनी कुजूर, उपाध्यक्ष किशोर किस्कू, महिला संयोजिका विनिता खलखो, सीता उरांव, एरेन कच्छप, इसरार अहमद, बालकृष्ण रजवार, जेके महली, छत्रपति महतो, शिबू मंडल, सीताराम तूरी, गणेश दास,  रूदन उरांव सहित बड़ी संख्या में आंदोलनकारी शामिल थे। सर्वसम्मति से सम्मेलन की तैयारियों को लेकर आगामी 25 जून को बैठक करने का निर्णय लिया गया।

Leave a Comment