
JAMSHEDPUR: पुलिस अपराध नियंत्रण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। जिससे कि लोग अपराधमुक्त माहौल में अपना जीवन बीता सके। ऐसे में क्राइम कंट्रोल के लिए पुलिस ने कुछ अलग योजना बनाई है। इसी प्रयास के तहत जमशेदपुर पुलिस ने थाना क्षेत्रों में पैदल मार्च की शुरुआत की है। ताकि पुलिस गली मोहल्ले में आसानी से पहुंच सके। एसएसपी किशोर कौशल मंगलवार को मानगो की सड़कों पर पैदल ही निकल गए। एसएसपी के साथ सिटी एसपी मुकेश लुणायत, मानगो थाना प्रभारी विनय कुमार और मानगो यातायात थाना प्रभारी मोहन कुमार मौजूद थे। एसएसपी ने मानगो की गलियों में भी पैदल मार्च किया. वहीं ओलीडीह ओपी, आजादनगर, एमजीएम, साकची और बर्मामाइंस समेत अन्य थाना क्षेत्रों में भी पुलिस ने पैदल मार्च किया. एसएसपी ने कहा कि यह जमशेदपुर पुलिस की ओर से एक नई शुरुआत की गई है। पैदल मार्च से शहर में नशाखोरी, अड्डाबाजी, छेड़खानी, सड़क पर अवैध रूप से पार्किंग तथा अन्य अपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगेगा। इसके साथ ही पुलिस तथा आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में मदद मिलेगी।