काम की खबर : 8 दिसंबर तक चलेगा मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने का काम

रांचीः अगर आपको मतदाता सूची में नाम जुड़वाना है, हटाना या फिर त्रुटि को सुधरवाना है तो ये खबर आपके लिये है. इन सभी कार्यों के लिये जिला प्रशासन की ओर से 8 दिसंबर तक का समय दिया गया है. 26 दिसंबर को लोगों द्वारा दिये गये दावा आपत्तियों को खत्म कर दिया जायेगा. इसके बाद 5 जनवरी 2023 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जायेगा.

M1

इस मामले  को लेकर संबंधित विभाग के पदाधिकारी लगातार बैठक कर जानकारी दे रहे हैं. बताया गया है कि 4 दिसंबर 2022 को 80 वर्ष से ज्यादा आयु वर्ग एवं दिव्यांगजनों के निबंधन के लिए विशेष अभियान दिवस चलाया जाएगा.

डोर टू डोर चलेगा अभियान

इस विशेष अभियान के तहत डोर टू डोर विजिट कर मतदाता सूची में पूर्व से पंजीकृत उक्त श्रेणी के मतदाताओं का शत-प्रतिशत सत्यापन करते हुए छूटे हुए लोगों का निबंधन सुनिश्चित किया जाएगा. जबकि, 5 और 6 दिसंबर 2022 को थर्ड जेंडर एवं सेक्स वर्कर के निबंधन के लिये अभियान चलाया जाएगा. मतदाता सूची को स्वच्छ एवं त्रुटिरहित बनाए जाने के लिये सभी से सुझाव मांगे गए हैं.

भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली  एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी-सह-सचिव, मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग, झारखंड सरकार के निर्देश के आलोक में दिनांक 01 जनवरी 2023 को अहर्त्ता तिथि मानते हुए मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2023 निर्धारित किया गया है.