
RANCHI: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने आज सरिया में बगोदर विधानसभा क्षेत्र की संकल्प सभा को संबोधित किया। विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर फिर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भ्रष्ट, निकम्मी, विकास विरोधी सरकार से झारखंड के विकास की उम्मीद बेमानी है। साथ ही कहा कि राज्य में 10 हजार करोड़ के घोटाले उजागर हुए हैं। लोहा,कोयला,पत्थर की लूट हुई है। झारखंड के लोगों को प्रधानमंत्री आवास बनाने के लिए बालू नहीं मिल रहा और बिचौलिए दलाल बड़े बड़े ट्रकों में भरकर राज्य के बालू को दिल्ली मुंबई, कोलकाता ले जा रहे हैं। मौके पर पूर्व सांसद रविंद्र कुमार राय,प्रदेश उपाध्यक्ष प्रणव वर्मा,नागेंद्र महतो,जिला अध्यक्ष महादेव दुबे,प्रभारी अमित तिवारी,वरिष्ठ नेता लक्ष्मण सिंह आदि उपस्थित थे।
कोई भ्रष्टाचारी बचेगा नहीं
उन्होंने कहा कि राज्य में गरीबों,आदिवासियों की जमीन को मुख्यमंत्री और उनके परिवार ने नाम बदल बदल कर लूटा है। आज खान खनिज, जमीन, पत्थर, बालू के लूट की जांच ईडी सीबीआई कर रही है। कई बड़े ऑफिसर गिरफ्तार हो चुके हैं। लेकिन मुख्यमंत्री ईडी के दफ्तर जाने से घबरा रहे है। सुप्रीम कोर्ट में गुहार लगा रहे है कि मुझे बचाइए। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि ये मोदी सरकार है जिसने लाल किले से न खायेंगे, न खाने देंगे की कसम खाई है। मुख्यमंत्री जी कहीं दौड़ लगा लें कोई भ्रष्टाचारी बचेगा नहीं।
राज्य की विधि व्यवस्था ध्वस्त
उन्होंने कहा कि आज राज्य की विधि व्यवस्था ध्वस्त है। रोज लूट,हत्या,बलात्कार अपहरण,फिरौती की वारदातें हो रही है। लेकिन राज्य की पुलिस अपराधियों को नहीं पकड़ रही है। राज्य की पुलिस वसूली में लगी है या फिर हेमंत सरकार का विरोध करने वालों पर मुकदमा दर्ज करने में। हेमंत है तो अपराधियों,दलालों,बिचौलियों की हिम्मत है। किसी भी ऑफिस में आज बिना पैसे का कोई काम नही होता। मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के लिए भी पैसे देने पड़ते हैं। राशन कार्ड में नाम भी बिना पैसे का नही चढ़ता। छोटे काम के लिए भी हजारों में घूस देने पड़ रहे है।
राज्य में लाखों पद खाली
हेमंत सरकार सड़कों का मरम्मत भी नहीं करवा रही है। विद्यालयों में शिक्षक नहीं, अस्पतालों में डॉक्टर्स नहीं, दवाई नहीं, गरीबों को एंबुलेंस नहीं। हेमंत सरकार केंद्र सरकार द्वारा भेजे गए अनाज को भी लूटवा रही है। मुख्यमंत्री,खाद्य आपूर्ति मंत्री के क्षेत्र में गरीबों को महीनो तक अनाज नहीं मिल रहा। कई नियुक्ति वर्ष बीत गए लेकिन बेरोजगार युवाओं को नौकरी नहीं मिली। राज्य में लाखों पद खाली पड़े हैं।