केंद्र सरकार यूसीसी कानून ला रही है और हमारे सीएम चुप है : लोबिन हेंब्रम

RANCHI: जेएमएम के विधायक लोबिन हेंब्रम ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार समान नागरिक संहिता (यूसीसी) कानून लाने जा रही है, लेकिन हमारे सीएम चुप हैं। इससे सबसे ज्यादा नुकसान हम आदिवासियों को होगा। उन्होंने सीएम हेमंत सोरेन और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक आदिवासी सीएम का चुप रहना बेहद ही निराशाजनक है। उन्होंने बाबूलाल को निशाने पर लेते हुए कहा कि वह भी एक आदिवासी हैं, लेकिन अभी तक उन्होंने इस कानून को लेकर और आदिवासियों को होने वाले नुकसान को लेकर कुछ नहीं कहा है। इसलिए दोनों नेताओं को इस मामले में अपनी चुप्पी तोड़ते हुए इसका विरोध करना चाहिए। नहीं तो आने वाले दिनों में आदिवासी समाज दोनों नेताओं का विरोध करेगा। लोबिन हेंब्रम ने कहा कि वे गुरुजी के चेले हैं। जिन्होंने हमेशा बताया कि गलत का विरोध करना चाहिए। इसलिए पार्टी में रहकर भी गलत चीजों का विरोध करते हैं। कार्यसमिति की बैठक में शामिल नहीं होने के बारे में उन्होंने कहा कि पार्टी उनके खिलाफ अनाप-शनाप बोलती है। बागी कहती है। इसलिए वह बैठक में क्यों जाएंगे।

Leave a Comment