मेला में किसानों को प्राकृतिक खेती के बारे में जानकारी दी गई, साथ ही आधुनिक कृषि तकनीकों के बारे में भी बताया गया. इसमें रातू के 2000 किसानों ने हिस्सा लिया
RANCHI :
दिव्यायन कृषि विज्ञान केंद्र, रांची रामकृष्ण मिशन आश्रम के तत्वाधान में रातू प्रखंड के तिगरा नया टोली गांव में किसान मेला का आयोजन किया गया. इस वर्ष का किसान मेला प्राकृतिक खेती विषय पर आधारित है.

किसान मेला में लगभग 2000 किसानों ने भाग लिया. इसमें कृषि वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को प्राकृतिक खेती के साथ साथ विभिन्न आधुनिक कृषि तकनीकों के बारे में जागरूक करने के लिए स्टॉल भी लगाया गया. विभिन्न प्राइवेट कंपनियों, इफको, झारखंड, फल उद्योग नर्सरी, रांची आदि ने भी अपना स्टॉल लगाकर किसानों को अपने उत्पादों के बारे में जानकारी प्रदान की.
फसल एवं पशु पक्षियों की प्रदर्शनी भी लगी
किसान मेला में फसल एवं पशु पक्षी प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया था, जहां पर किसानों के द्वारा अपने उगाए गए फसलों एवं पशु पक्षियों की प्रदर्शनी लगाई गई. इस दौरान कुल 75 किसानों को उनके अच्छे उत्पादों के लिए सम्मानित भी किया गया. कार्यक्रम में निदेशक, मत्स्यपालन, झारखंड, जिला कृषि पदाधिकारी, रांची, जिला मत्स्य पालन पदाधिकारी, रांची एवम राज्य विपणन प्रबंधक, इफको, झारखंड उपस्थित थे. कार्यक्रम की अध्यक्षता रामकृष्ण मिशन आश्रम रांची के सचिव स्वामी भवेशानंद जी ने की.