
RANCHI : रांची हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात बहुत जल्द रांची को मिलने वाली है। रेलवे के द्वारा इसकी तैयारी भी पूरी की जा रही है। उक्त आशय की जानकारी सांसद संजय सेठ को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज मुलाकात के दौरान दी। संसद के विशेष सत्र के दौरान सांसद संजय सेठ ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से आज मुलाकात की। उन्हें रांची लोकसभा क्षेत्र में रेल यात्री सुविधा विस्तार के लिए पूर्व में दिए गए आग्रह पत्र से अवगत कराया। साथ ही इस पर सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया। इसके आलोक में केंद्रीय रेल मंत्री ने सांसद सेठ को बताया कि रांची हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात बहुत जल्द रांची को दी जाएगी। इसकी पूरी संभावना है कि खुद प्रधानमंत्री इसे हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे। सांसद ने इस सौगात के बाद केंद्रीय रेल मंत्री को आभार जताया है और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को भी धन्यवाद दिया है।
रेल मंत्री को आने का आग्रह
मुलाकात के क्रम में सांसद श्री सेठ ने केंद्रीय रेल मंत्री से आग्रह किया की रांची आकर यहां पर चल रही रेल परियोजनाओं की एक समीक्षा बैठक किया जाय, ताकि यहां रेलवे के कार्यों को और भी गति प्रदान हो सके। इस पर संसद को केंद्रीय रेल मंत्री ने आश्वस्त किया कि बहुत जल्द वह रांची आने की योजना बना रहे हैं। सभी योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। उसे और गति प्रदान की जाएगी। सांसद श्री सेठ ने केंद्रीय रेल मंत्री से मैक्लुस्कीगंज, मुरी और टाटीसिलवे में कोरोना काल से पहले चल रहे ट्रेनों के पुनः ठहराव का भी आग्रह किया। इस पर केंद्रीय मंत्री ने सांसद को बताया कि कई ट्रेनों का ठहराव रांची लोकसभा क्षेत्र को दिया जा चुका है। शीघ्र ही अन्य ट्रेनों का भी ठहराव आरंभ कर लिया जाएगा। इसके अलावा चुटिया में ओवरब्रिज निर्माण के मामले में भी सकारात्मक पहल किए जाने का आश्वासन केंद्रीय रेल मंत्री ने दिया है।