
रांची.
टोटेमिक कुड़मी कुरमी विकास मोरचा की ओर से आहूत रेल टेका डहर छेका आंदोलन का राज्य की रेल सेवाओं पर व्यापक असर पड़ा है. मुरी, गोमो सहित कई स्थानों पर आंदोलनकारी ट्रैक पर जमा हुए और रेल सेवाओं को बाधित करने का प्रयास किया. झारखंड और ओडिशा में बड़ी संख्या में आंदोलनकारी जमे हुए हैं. जबकि कोलकाता हाईकोर्ट के निर्देश के बाद कुड़मी संगठनों ने बंगाल में रेल सेवाओं को बाधित करने का निर्णय वापस ले लिया.
आंदोलन के मद्देनजर रेलवे, पुलिस और प्रशासन की ओर से सतर्कता बढा दी गई है. पुलिस ने मुरी पर कई जगह बैरीकेडिंग कर आंदोलनकारियों को रोकने का प्रयास किया है. नीमडीह रेलवे स्टेशन पर पुलिस और आंदोलनकारियों के बीच झड़प की खबर है. आज दिन के 12 बजे के करीब कुड़मी संगठनों के लोग नीमडीह रेलवे स्टेशन जाने की जिद पर अड़ गए जहां रास्ते में पुलिस ने उन्हें रोका हुआ था.
पुलिस ने समझाने का प्रयास किया पर आंदोलनकारी नहीं माने. इस बीच कुछ लोगों ने पत्थरबाजी भी की जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया. इस घटना में कई प्रदर्शनकारी के घायल होने की सूचना है. सभी का ईलाज नीमडीह के चिकित्सा केंद्रों में किया जा रहा है.
इस्पात एक्सप्रेस टाटानागर स्टेशन में खड़ी है. उत्कल एक्सप्रेस चक्रधरपुर में खड़ी थी. आंदोलन की वजह से रेल यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है. बड़ी संख्या में यात्रियों ने अपना सफर रद्द क दिया है.